जसपुर में गुलदार और गीदड़ का आतंक, दहशत में जी रहे हैं लोग

जसपुर में गुलदार और गीदड़ का आतंक, दहशत में जी रहे हैं लोग

सीसीटीवी में कैद हुई गुलदार की दस्तक, कॉलोनियों में पसरा सन्नाटा

स्थान-जसपुर

संवाद्दाता-अज़ीम खान

उधम सिंह नगर के जसपुर नगर में वन्य जीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। वैशाली कॉलोनी और लक्ष्मी नगर कॉलोनी जैसे घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में अब गुलदार और गीदड़ खुलकर घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

गुलदार की दहशत सीसीटीवी में कैद

बीती रात वैशाली कॉलोनी की एक गली में गुलदार की मौजूदगी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे इलाके में खलबली मच गई।
वीडियो में गुलदार को कॉलोनी की गलियों में घूमते और झाड़ियों में छिपते देखा जा सकता है। घटना के बाद से लोगों ने शाम होते ही घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है, और कॉलोनियों की सड़कें सुनसान हो जाती हैं।

लक्ष्मी नगर कॉलोनी में गीदड़ का हमला, बुजुर्ग घायल

पिछले सप्ताह सुबह करीब 5:15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले 58 वर्षीय राकेश सिंह पर एक गीदड़ ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।
घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई, लेकिन वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कॉलोनीवासियों में रोष व्याप्त है।

कॉलोनीवासी वन विभाग से नाराज

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग स्थिति को गंभीरता से नहीं ले रहा। लोगों का कहना है कि,

क्या विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतज़ार कर रहा है?

लोगों ने उठाए सवाल – क्या हम अपने ही घरों में सुरक्षित हैं?

वन्य जीवों की लगातार हो रही आमद से अब रिहायशी क्षेत्र के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सुबह-शाम की सैर, बच्चों का बाहर खेलना और सामान्य गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

मांग – जल्द की जाए कार्रवाई

कॉलोनीवासियों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही इलाके में पिंजरे लगाने और रात्रि गश्त शुरू करने की भी अपील की गई है।