

स्थान-चमोली

संवाद्दाता-संजय कुंवर




उत्तराखंड के चमोली जनपद से चारधाम यात्रियों के लिए राहत की खबर आई है। बीते दिनों भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी वर्षा, भूस्खलन और मौसम की गंभीर चेतावनियों के चलते 1 से 5 सितंबर 2025 तक चारधाम यात्रा पर अस्थाई रोक लगा दी गई थी। लेकिन अब मौसम साफ होने के बाद यात्रा को फिर से बहाल कर दिया गया है।


चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्र बद्रीनाथ और केदारनाथ सहित रुद्रनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी और अन्य उच्च हिमालयी धार्मिक स्थलों की यात्रा पर लगी रोक हटा ली गई है। इसके साथ ही यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण भी पुनः शुरू हो गए हैं।


बदरी-केदार में लौटी रौनक
बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिल रही है।
बद्रीनाथ धाम, ज्योतिर्मठ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से चटक धूप खिली, जिससे मौसम खुशनुमा बना रहा और श्रद्धालुओं की आवाजाही में तेजी आई। प्रातः काल से ही श्रद्धालु श्री बद्रीविशाल जी के पावन दर्शन कर रहे हैं।
बद्रीनाथ धाम में कपाट खुलने से लेकर अब तक लगभग 2 लाख 92 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो इस वर्ष की यात्रा की लोकप्रियता को दर्शाता है।
प्रकृति प्रेमियों के लिए भी खुशखबरी

विश्व धरोहर फूलों की घाटी में भी अब पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। साथ ही हेमकुंड साहिब और पंचम केदार – रुद्रनाथ धाम की यात्रा भी सामान्य रूप से संचालित हो रही है। मौसम साफ होने के कारण इन स्थलों पर प्रकृति प्रेमी यात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

प्रशासन सतर्क, मौसम पर नज़र

हालांकि यात्रा बहाल कर दी गई है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणियों और स्थानीय मौसम पर लगातार नज़र रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।



