

रिपोर्ट- नीरज कंडारी
रुद्रप्रयाग

जनपद रुद्रप्रयाग में देर रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते जगह-जगह भू-धसाव और पहाड़ियों से मलबा गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।



तहसील बसुकेदार क्षेत्र के ताल जामण गांव में बादल फटने की घटना हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस आपदा में कई मवेशी मलबे में दब गए हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।


इधर मंदाकिनी नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जबकि अलकनंदा नदी भी उफान पर है। खतरे को देखते हुए नदी किनारे बसे लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।


भारी बारिश के चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोबगड़ के पास बंद हो गया है। वहीं, केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी बांसबाड़ा और कुंड सहित कई जगहों पर मलबा आने से बंद हो गया है। इससे चारधाम यात्रा पर भी असर पड़ा है और यात्रियों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है।


जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव के लिए आपदा प्रबंधन की सभी टीमें तैनात कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों को सतर्क रहते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।



