अल्मोड़ा नंदा देवी मेला विधिवत शुरू, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

अल्मोड़ा नंदा देवी मेला विधिवत शुरू, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

रिपोर्ट – हरीश भण्डारी

अल्मोड़ा। उत्तराखंड की लोक आस्था और संस्कृति का प्रतीक अल्मोड़ा नंदा देवी का ऐतिहासिक मेला आज से विधिवत रूप से शुरू हो गया है। परंपरा और आस्था के इस महोत्सव की शुरुआत भव्य पूजा-अर्चना के साथ हुई।

मेले के शुभारंभ के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आना था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वे अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाए।

उन्होंने वर्चुअल माध्यम से मेले का उद्घाटन किया और अल्मोड़ा समेत पूरे प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा देवी मेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति का जीवंत प्रतीक है, जो हमें अपनी परंपराओं और विरासत से जोड़ता है।

वहीं, मेले का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “मां नंदा देवी का मेला केवल अल्मोड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की पहचान है। अल्मोड़ा नंदा देवी का मेला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जो हमारी सामाजिक एकजुटता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है।”

मेले की शुरुआत होते ही अल्मोड़ा के मंदिर प्रांगण और बाजारों में भक्ति और उल्लास का वातावरण दिखाई दिया। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और लोकनृत्यों ने लोगों का मन मोह लिया। आने वाले दिनों में मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और शोभायात्राएं भी आयोजित की जाएंगी।