

चमोली। जनपद चमोली में लगातार हो रही भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित हो गया है। तेज बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर मलबा और भू-स्खलन की वजह से अवरुद्ध हो गया है।



जानकारी के अनुसार नंदप्रयाग, कमेड़ा, भनेरपानी, पागलनाला, जिलासू के पास गुलाबकोटी और चटवापीपल में मार्ग बंद हो गया है। इन स्थानों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित है और स्थानीय लोग तथा यात्री परेशानियों का सामना कर रहे हैं।



मार्ग खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार कार्यरत हैं। भारी मशीनरी की मदद से सड़कों पर आए मलबे को हटाने का काम जारी है, हालांकि रुक-रुककर हो रही बारिश से दिक्कतें बढ़ गई हैं।



चमोली पुलिस ने यात्रियों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि यात्रा पर न निकलें। पुलिस/प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे अपडेट का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करें।




