


लोकेशन : काशीपुर
रिपोर्टर : अज़ीम खान


काशीपुर में बीती देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को पुलिस ने काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया है।



जानकारी के अनुसार, कुंडेश्वरी खरमासा क्षेत्र से अचार फैक्ट्री की ओर भाग रहे दो संदिग्ध बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने दबोच लिया।



गिरफ्तार बदमाशों की पहचान काव्य शर्मा पुत्र स्वर्गीय सुनील कुमार शर्मा निवासी ढकिया और राघव मिश्रा उर्फ निखिल पुत्र राजेश मिश्रा निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि 21 अगस्त को उन्होंने ढकिया के पूर्व ग्राम प्रधान श्याम सिंह पर पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाई थी।


पुलिस जांच में सामने आया कि काव्य शर्मा आपराधिक इतिहास रखता है। उसका भाई कार्तिक शर्मा फरवरी 2024 में हुए दोहरे हत्याकांड में जेल जा चुका है। वहीं काव्य शर्मा पर पहले भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। यही नहीं, उसका मामा भी हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है।


मुठभेड़ की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने घटनास्थल का जायजा लिया और टीम को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।




