

रिपोर्ट: संजय कुंवर
बद्रीनाथ धाम,

बदरीपुरी। श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बद्रीनाथ महायोजना और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के विरोध में चल रहा जन आंदोलन शनिवार को लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। बद्रीनाथ धाम के ईरावल प्लाज़ा से आंदोलनकारियों ने रैली निकाली, जो नारेबाज़ी करते हुए साकेत चौक पहुँची। यहां पंडा पंचायत समाज और बद्रीनाथ धाम से जुड़े विभिन्न संगठनों के सदस्य धरने पर बैठे रहे।




आंदोलन को और गति देने के उद्देश्य से आज ज्योतिर्मठ से पेन खंडा संघर्ष समिति के 15 सदस्य भी बद्रीनाथ धाम पहुँचे।


समिति के नेता कामरेड भरत सिंह कुंवर और जनप्रतिनिधि भगवती प्रसाद नंबूरी के नेतृत्व में पहुंचे दल ने धरना स्थल पर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया और श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।




जन आंदोलन के समर्थन में बदरी पुरी में बाज़ार भी बंद रहा। दोपहर एक बजे तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह बंद दिखाई दीं, जिससे यह साफ संदेश गया कि स्थानीय व्यापारी भी इस आंदोलन के साथ खड़े हैं।



आंदोलनकारियों का कहना है कि बद्रीनाथ महायोजना स्थानीय आस्थाओं, परंपराओं और आजीविका पर प्रतिकूल असर डाल रही है। समिति ने सरकार से मांग की है कि महायोजना से जुड़े निर्माण कार्यों और नीतियों की समीक्षा कर प्रभावित समुदायों से संवाद स्थापित किया जाए।



