

स्टेशन : बाजपुर
रिपोर्टर : अज़हर मलिक

काशीपुर के निजी स्कूल में गोलीकांड के बाद अब बाजपुर में भी एक निजी स्कूल को लेकर दहशत फैलाने की घटना सामने आई है। बाजपुर के नैनीताल रोड स्थित एक निजी स्कूल को अज्ञात छात्र ने बम से उड़ाने की झूठी धमकी दी।



धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर आनन-फानन में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची और स्कूल के हर हिस्से की तल्लाशी ली। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बावजूद डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अभिभावक भारी संख्या में स्कूल पहुंचे और कई लोगों ने अपने बच्चों को घर ले जाने का निर्णय लिया।



स्कूल प्रबंधन ने समझदारी दिखाते हुए आरोपी छात्र को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में छात्र ने स्वीकार किया कि उसने यह धमकी केवल इसलिए दी क्योंकि वह परीक्षा की तैयारी सही से नहीं कर पाया था और छुट्टी पाने के लिए उसने ऐसा कायरतापूर्ण कदम उठाया।

स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऐसी हरकतें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और शांति व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए है।



इस घटना ने यह संदेश दिया है कि शिक्षा संस्थानों में अनुशासन और सुरक्षा बेहद जरूरी है। स्कूल और प्रशासन ने मिलकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए।


ग्रामीणों और अभिभावकों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में डर और असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं, इसलिए सभी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा उपायों को और कड़ा किया जाना चाहिए।




