

स्थान- खटीमा उधम सिंह नगर

रिपोर्ट- अशोक सरकार

आगामी 1 सितंबर को खटीमा में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शहीद स्मारक पर उपस्थित रहेंगे और उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करेंगे। इसी तैयारी के तहत प्रशासन ने शहीद स्मारक की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की।




उप जिलाधिकारी खटीमा ने बैठक में बताया कि मुख्यमंत्री के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते शहीद स्मारक पर सभी आवश्यक तैयारियां की जाएंगी और कार्यक्रम के दिन विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।



हालांकि, शहीद स्मारक की नियमित सफाई और रखरखाव को लेकर नगर पालिका प्रशासन उदासीन नजर आता है। स्मारक के पीछे के मैदान में नगर पालिका क्षेत्र से कूड़े का ढेर फेंका जाता है, जिससे आसपास रहने वाले नागरिकों को बदबू और असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदगी से अनेक प्रकार की बीमारियों फैलने की संभावना रहती है, फिर भी नगर पालिका प्रशासन इस संबंध में गंभीर नहीं दिखता।


जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने बताया कि आगामी शहीद दिवस के अवसर पर नगर पालिका प्रशासन शहीद स्मारक की पूरी सफाई करेगा और कूड़ा निस्तारण के लिए जगह तलाश ली गई है। फॉर्मेलिटी पूरी होते ही कूड़ा उस जगह निस्तारित किया जाएगा।



उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर भाटिया ने कहा कि शहीद स्मारक के पीछे गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। स्मारक के गेट पर खड़ी गाड़ियों के लिए सफाई और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था 1 सितंबर से पहले सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले राज्य आंदोलनकारी और अन्य सम्मानित व्यक्ति बिना किसी परेशानी के अपनी गाड़ियां पार्क कर सकें और कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो।

अब यह देखना बाकी है कि नगर पालिका प्रशासन नगर पालिका क्षेत्र में इस तरह की गंदगी और सफाई की नियमित व्यवस्था पर कितना सजग रहता है और इसे स्थायी रूप से कब तक लागू करता है।



