

स्थान: धनोल्टी
संवाददाता: मुकेश रावत

वार्षिक रख-रखाव के चलते सिद्धपीठ सुरकंडा देवी रोपवे सेवा 23 अगस्त शनिवार से अगले माह 17 सितम्बर तक बंद रहेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंदिर तक पहुँचने के लिए डेढ़ किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ेगी।



रोपवे सेवा के प्रबंधक सीबी सिंह और समन्वयक नरेश बिजल्वाण ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक निरीक्षण और चेकिंग के दौरान टॉवर, केबिन की मरम्मत, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा, लोड कैपेसिटी, विंड प्रेशर और अन्य सुरक्षा पहलुओं की जाँच के लिए देश और विदेश के विशेषज्ञ इंजीनियर रोपवे का निरीक्षण करेंगे।



प्रबंधक ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया सुरक्षा और बेहतर सेवा के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रोपवे सेवा शुरू होने के बाद से सुरकंडा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में तीन गुना तक वृद्धि हुई है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए यह सेवा काफी सुलभ साबित हुई है।




विशेषज्ञों के अनुसार इस वार्षिक चेकिंग और निरीक्षण से रोपवे की कार्यक्षमता और सुरक्षा में सुधार होगा। श्रद्धालुओं को इस दौरान पैदल चढ़ाई करनी होगी, लेकिन इसके बावजूद रोपवे सेवा की विश्वसनीयता और लंबे समय तक सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।


सीबी सिंह ने कहा कि वार्षिक रख-रखाव के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा और रोपवे सेवा फिर से शुरू होने पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।



