काशीपुर में छात्र ने शिक्षक को मारी गोली, ICU में भर्ती

काशीपुर में छात्र ने शिक्षक को मारी गोली, ICU में भर्ती

स्थान – काशीपुर

रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

काशीपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में एक सनसनीखेज़ घटना सामने आई है। काशीपुर के श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्र ने अपने अध्यापक पर लंच बॉक्स में छुपाकर लाया गया तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली लगने से भौतिक विज्ञान के शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले शिक्षक ने छात्र को सवाल का जवाब न देने पर डांटा था। इसी रंजिश में छात्र ने बुधवार सुबह यह घटना अंजाम दी। मध्यांतर (इंटरवल) के बाद जब शिक्षक क्लास से बाहर निकल रहे थे, तभी छात्र ने टिफिन बॉक्स से तमंचा निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली शिक्षक के दाएं कंधे के नीचे लगी। घटना के बाद छात्र भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शिक्षकों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

एएसपी अभय सिंह ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर आरोपी नाबालिग छात्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसे पुलिस संरक्षण में ले लिया गया है।


घटना के विरोध में आज बंद रहेंगे निजी स्कूल

इस सनसनीखेज़ घटना के विरोध में गुरुवार को जिले के सभी सीबीएसई और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय बंद रहेंगे। ऊधमसिंह नगर इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

एसोसिएशन के जिला संयोजक राहुल पैगिया ने बताया कि गुरुवार को “काला दिवस” मनाया जाएगा। काशीपुर के रामलीला मैदान से एसडीएम कार्यालय तक मौन मार्च निकाला जाएगा और शिक्षकों की सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नायब सिंह धालीवाल, जिला महामंत्री मनोज खेड़ा, जिला संयोजक राहुल पैगिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।