भाजपा-कांग्रेस पर भीम आर्मी का हमला, कहा – दलितों-मुस्लिमों के लिए केवल हम ही संघर्षशील

भाजपा-कांग्रेस पर भीम आर्मी का हमला, कहा – दलितों-मुस्लिमों के लिए केवल हम ही संघर्षशील

रिपोर्टर : अरशद हुसैन
स्थान : रूडकी

भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में भीम आर्मी के कैंप कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन ने एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश के दलित और मुस्लिम वर्ग को अब यह समझना होगा कि केवल भीम आर्मी ही उनकी आवाज़ बनकर हर मोर्चे पर खड़ी रही है।

उन्होंने भाजपा पर सवर्ण हिन्दुओं के लिए राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, “जब किसी नए राजनीतिक दल का उदय होता है, तब भाजपा और कांग्रेस मिलकर नए मुद्दे पैदा करते हैं ताकि जनमानस को भटकाया जा सके। 2014 और 2017 में भी दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के वोट चोरी हुए थे।”

विनय रतन ने कहा कि भीम आर्मी का जनाधार मजबूत है। “हमारे पास न तो वोटों की कमी है, न कार्यकर्ताओं की, और न ही पढ़े-लिखे समर्थकों की। यदि हमें गठबंधन में शामिल नहीं किया गया, तो हम चुनावी समीकरणों को पूरी तरह से बदलने की ताकत रखते हैं,” उन्होंने स्पष्ट कहा।

वहीं उत्तराखंड में मुस्लिम समुदाय के युवक के साथ हुई मारपीट की घटना पर उन्होंने कहा कि भीम आर्मी की टीम पीड़ित परिवार के संपर्क में है और उनकी हरसंभव सहायता कर रही है।

“हमने मुकदमा दर्ज करवाया और आरोपियों को जेल भेजा गया है,” उन्होंने जानकारी दी।

भीम आर्मी अध्यक्ष की इस बयानबाज़ी से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। आगामी विधानसभा चुनावों में यह देखना दिलचस्प होगा कि भीम आर्मी किस रणनीति के साथ उतरती है।