


रिपोर्टर -: आसिफ इक़बाल
लोकेशन -: रामनगर


नेशनल हाईवे-309 पर मंगलवार सुबह ग्राम चिलकिया के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।



ड्यूटी के लिए निकला था युवक

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आवास विकास, काशीपुर निवासी 29 वर्षीय राहुल ठाकुर सुबह अपनी बाइक से रामनगर स्थित ड्यूटी के लिए निकला था। चिलकिया के समीप पहुंचते ही उसकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही बोलेरो कार से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।


अस्पताल लाने पर मृत घोषित

राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुँची 108 एम्बुलेंस सेवा ने राहुल को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वे अस्पताल पहुँचे और बेटे की लाश देख बेसुध हो गए।


वाहन सीज़, जांच जारी

पुलिस ने बाइक और बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर फिर सवाल

यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सुरक्षा और स्पीड कंट्रोल जैसे मुद्दों पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चिलकिया क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।



