जन्माष्टमी पर नगर में सजी धार्मिक छटा, आकर्षक झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का मन

जन्माष्टमी पर नगर में सजी धार्मिक छटा, आकर्षक झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का मन

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

जन्माष्टमी पर्व पर नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उल्लास से भरा हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर जगह-जगह मंदिरों और गलियों में विशेष साज-सज्जा की गई है। रात को विभिन्न स्थानों पर सुंदर और आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

आकर्षक झांकियों में दिखा भगवान कृष्ण का जीवन

नगर के विभिन्न क्लबों और सामाजिक संगठनों ने इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित भव्य झांकियां प्रस्तुत कीं। कहीं बाल कृष्ण के मक्खन चुराने की झांकी ने बच्चों को आनंदित किया, तो कहीं रासलीला और महाभारत के प्रसंगों पर बनी झांकियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। झांकियों में आधुनिक लाइटिंग और सजावट का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे रात का दृश्य और भी मनमोहक हो उठा।

शिव मंदिर समिति करेगी पुरस्कृत

शिव मंदिर समिति की ओर से घोषित किया गया कि इस बार नगर में बनाई जा रही आकर्षक झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह परंपरा पिछले कई वर्षों से निभाई जा रही है ताकि युवा पीढ़ी में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति उत्साह बना रहे।

भीड़ उमड़ी, भक्तिमय माहौल

झांकियों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालु परिवार सहित सड़कों पर उमड़ते रहे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी बड़ी श्रद्धा के साथ इन झांकियों का आनंद लेते नजर आए। पूरे नगर में भक्तिमय संगीत, भजन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण रमणीय हो उठा।

वर्षों पुरानी परंपरा

नगर में जन्माष्टमी पर झांकियां बनाने की परंपरा कई दशकों से चली आ रही है। स्थानीय लोग बताते हैं कि पहले यह आयोजन सीमित स्तर पर होता था, लेकिन अब नगर के अधिकांश क्लब और संस्थाएं इसमें हिस्सा लेती हैं। इससे न केवल धार्मिक माहौल बनता है बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश फैलता है।