बाजपुर: घोंघा नदी में पिता की मौत, पुत्र की तलाश जारी

बाजपुर: घोंघा नदी में पिता की मौत, पुत्र की तलाश जारी

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : अजहर मलिक

बाजपुर में नदी किनारे लकड़ी काटने गए पिता-पुत्र अचानक घोंघा नदी में गिर गए। तेज बहाव में पिता डूबकर मौत के मुहाने पर पहुंच गए, जबकि पुत्र का अभी तक कोई पता नहीं चला है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक अकील अहमद का शव कब्जे में लिया, जबकि एसडीआरएफ की टीम कामिल की तलाश में जुटी हुई है।

इस दौरान भाजपा नेता राजेश कुमार और एसडीएम अमृता शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

एसडीएम ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जल्द एनडीआरएफ की टीम को युवक की तलाश के लिए भेजने की बात कही।

जानकारी के अनुसार, बाजपुर के गांव बाजपुर निवासी अकील अहमद और उनके पुत्र कामिल लकड़ी काटने के दौरान घोंघा नदी में गिर गए थे। पानी के तेज बहाव में अकील अहमद की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र की तलाश जारी है।

पूर्व दर्जा राज्य मंत्री राजेश कुमार ने सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और एसडीएम अमृता शर्मा से वार्ता कर परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के तहत पीड़ित परिवार को बिना किसी भेदभाव के राहत दी गई।

एसडीएम अमृता शर्मा ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में लगी हुई है और रविवार से एनडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता यह है कि युवक को सुरक्षित ढंग से ढूंढा जाए और परिवार को राहत दी जाए।