नरेंद्रनगर-रानीपोखरी रोड खर्क गांव के पास भारी भू-धंसाव, दो दिनों से यातायात ठप

नरेंद्रनगर-रानीपोखरी रोड खर्क गांव के पास भारी भू-धंसाव, दो दिनों से यातायात ठप

टिहरी 

लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नरेंद्रनगर-रानीपोखरी रोड खर्क गांव के पास भारी भू-धंसाव का शिकार हो गई है। बुधवार को दोपहर करीब 3:00 बजे सड़क का लगभग 35 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

22 घंटे बीत जाने के बावजूद सड़क अब तक यातायात के लिए नहीं खोली जा सकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हरिद्वार और देहरादून की ‘लाइफलाइन’ बनी बंद

टिहरी और उत्तरकाशी से हरिद्वार तथा देहरादून की ओर जाने वालों के लिए यह मार्ग प्रमुख संपर्क मार्ग (लाइफलाइन) माना जाता है। मार्ग बाधित होने से दूरदराज़ के यात्रियों और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पेयजल लाइन और खेतों को नुकसान, मकान को खतरा

भू-धंसाव की वजह से सड़क के ऊपर की ओर दरारें उभर आई हैं, जिससे खेतों को क्षति पहुंचने का खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही पेयजल पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
स्थानीय निवासी युद्धवीर सिंह पुंडीर के मकान को भी भू-धंसाव से गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

स्कूल और बाजार प्रभावित

सड़क बंद होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और ग्रामीण अपनी सब्ज़ियां और दूध बाज़ार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं, जिससे उनका रोज़गार भी प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों की मांग – जल्द हटे मलबा

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मलबा शीघ्र हटाने की मांग की है, ताकि दैनिक जीवन सामान्य हो सके।

शुक्रवार तक मार्ग बहाल होने की संभावना

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विजय मोगा ने जानकारी दी कि शुक्रवार तक सड़क को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है


इस मौके पर एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, थाना अध्यक्ष संजय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन की निगरानी में राहत कार्य जारी है, और स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।