धराली आपदा: घायल सेना के जवानों का एम्स ऋषिकेश में इलाज जारी, स्थिति स्थिर

धराली आपदा: घायल सेना के जवानों का एम्स ऋषिकेश में इलाज जारी, स्थिति स्थिर

लोकेशन- ऋषिकेश

रिपोट – सागर रस्तोगी

उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के इलाज का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर चल रहा है। आपदा में घायल हुए सेना के तीन जवानों को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के माध्यम से एम्स ऋषिकेश लाया गया, जहां उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।

जवानों का प्राथमिक उपचार शुरू, हालत स्थिर
एम्स के निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि घायल जवान बातचीत की स्थिति में हैं और सभी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है। मेडिकल जांच रिपोर्टों के आधार पर आगे का उपचार तय किया जाएगा।

एम्स पूरी तरह तैयार
डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि धराली आपदा से प्रभावित घायलों की सहायता के लिए एम्स पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, “घायल जवानों को एम्स की इमरजेंसी में लाकर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है, जहां इलाज शुरू कर दिया गया है। मेडिकल टीम लगातार निगरानी कर रही है। जरूरत के अनुसार हेल्थ बुलेटिन भी जारी किया जाएगा।”

घायल जवानों की पहचान
एम्स में भर्ती तीन घायल जवानों की पहचान इस प्रकार है:

  • वीरेंद्र (32 वर्ष) – सेना का जवान
  • राम प्रताप (42 वर्ष) – सेना का जवान
  • शिवांश (24 वर्ष) – अग्निवीर जवान

तीनों जवान धराली आपदा के दौरान घायल हुए थे और उन्हें चिनूक हेलीकॉप्टर के माध्यम से जॉलीग्रांट पहुंचाया गया, जहां से उन्हें सड़क मार्ग से ऋषिकेश एम्स भेजा गया।

प्रशासन और सेना के समन्वय से तेजी आई राहत कार्यों में
प्रशासन, सेना और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय से राहत और इलाज कार्यों में तेजी आई है। एम्स प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपदा से प्रभावित किसी भी व्यक्ति के इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है और अस्पताल प्रशासन की ओर से समय-समय पर उनकी सेहत को लेकर अपडेट जारी किया जाएगा।