रानीखेत में निकली भव्य दुर्गा शक्ति यात्रा, शस्त्र पूजन के बाद मुख्य बाजार से गुजरी शोभायात्रा

रानीखेत में निकली भव्य दुर्गा शक्ति यात्रा, शस्त्र पूजन के बाद मुख्य बाजार से गुजरी शोभायात्रा

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

विश्व हिंदू परिषद जिला एवं प्रखंड रानीखेत के तत्वावधान में बुधवार को नगर में भव्य दुर्गा शक्ति यात्रा निकाली गई। रोडवेज स्टेशन के समीप स्थित एक होटल से शुरू हुई शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए मां दुर्गा पूजा महोत्सव पंडाल पहुंची। यात्रा में मातृशक्ति, स्कूली बच्चों और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की शुरुआत होटल सभागार में आयोजित शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके बाद दुर्गा शक्ति यात्रा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा में शामिल महिलाएं और छात्राएं पारंपरिक कुमाऊंनी रंगवाली पिछौड़ा पहनकर पहुंचीं, जबकि दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता निर्धारित गणवेश में शामिल हुईं।

यात्रा के दौरान चैतन्य मांटेसरी स्कूल, मजखाली की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत छोलिया नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। मुख्य बाजार से गुजरती शोभायात्रा में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। मां दुर्गा पूजा महोत्सव पंडाल पहुंचने पर स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इससे पूर्व आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पूजा लटवाल, महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन पंत ने संबोधित किया। वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के समापन पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन पंत और प्रखंड रानीखेत अध्यक्ष नवल किशोर पांडेय ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

इस अवसर पर विहिप विभाग संयोजक वेद प्रकाश, दुर्गा वाहिनी विभाग संयोजिका चंद्रा कोली, जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती और वीना बिष्ट, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीप पांडे, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विमला रावत, भाजपा नगर अध्यक्ष ललित मेहरा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पुष्पा तिवारी, पूर्व महिला आयोग उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा, पंकज अग्रवाल, पाराशर तिवारी, शोभा पंत, अमिता अग्रवाल और मीनाक्षी पंत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।