

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब तराई क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। लालकुआँ नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।



लगातार बारिश से वीआईपी गेट, खड्डी मोहल्ला और अन्य निचले इलाकों में पानी भरने लगा, जिसके चलते प्रशासन ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए 100 से अधिक लोगों को उनके घरों से सुरक्षित बाहर निकाल कर लालकुआँ वार्ड नंबर-1 स्थित अंबेडकर पार्क में शिफ्ट किया है।



प्रशासनिक टीम ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व हल्द्वानी उपजिलाधिकारी (न्यायिक) रेखा कोहली, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे और खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने किया। सेंचुरी पेपर मिल की बसों के माध्यम से लोगों को जलमग्न घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।



प्रभावितों को दी जा रही सुविधाएं
अंबेडकर पार्क में शिफ्ट किए गए सभी प्रभावितों को भोजन, खाद्य सामग्री, वस्त्र और प्राथमिक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने सभी बेसहारा लोगों को आश्वासन दिया है कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।


गौला नदी का भी लिया जायजा
प्रशासनिक टीम ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र में गौला नदी का निरीक्षण भी किया, जहां पानी का बहाव तेज होने से निचले इलाकों में खतरा बना हुआ है।


सतर्कता की अपील
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे नदियों के किनारे या जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।


लालकुआँ में हालात गंभीर बने हुए हैं, लेकिन राहत कार्य तेज़ी से जारी हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


