चिनूक से 35 घायल पहुंचे जौलीग्रांट, एम्स ऋषिकेश में सेना के दो जवानों सहित तीन लोगों का इलाज जारी

चिनूक से 35 घायल पहुंचे जौलीग्रांट, एम्स ऋषिकेश में सेना के दो जवानों सहित तीन लोगों का इलाज जारी

ऋषिकेश

उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा के बाद राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों को तत्काल उपचार प्रदान करने का सिलसिला भी जारी है। बुधवार को भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर के माध्यम से 35 घायल व्यक्तियों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लाया गया, जहां विशेष ट्रॉमा सर्जरी टीम उनके उपचार में जुटी हुई है।

जौलीग्रांट पहुंचते ही घायलों को प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराई गई और स्थिति के अनुसार उन्हें आवश्यक अस्पतालों में रेफर किया गया।

एम्स ऋषिकेश में 3 घायल भर्ती

वहीं, एम्स ऋषिकेश में सेना के दो जवानों सहित तीन घायलों को उपचार के लिए लाया गया है। इन सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर प्राथमिकता के आधार पर इलाज शुरू कर दिया गया है।

एम्स निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि संस्थान पूरी तरह से तैयार है और धराली आपदा के घायलों की हर संभव मदद की जा रही है। भर्ती किए गए तीनों घायल संवाद की स्थिति में हैं और उनके जरूरी मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।

तीनों घायलों की पहचान

  • वीरेंद्र (32 वर्ष) – सेना के जवान
  • राम प्रताप (42 वर्ष) – सेना के जवान
  • शिवांश (24 वर्ष) – अग्निवीर जवान

इन घायलों को चिनूक हेलीकॉप्टर के माध्यम से जौलीग्रांट लाया गया था, जहां से उन्हें सड़क मार्ग से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

प्रशासन, सेना और स्वास्थ्य एजेंसियों का संयुक्त प्रयास

धराली आपदा के बाद से रेस्क्यू और राहत कार्यों में प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। घायलों को समय रहते बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए एयरलिफ्ट और विशेष चिकित्सकीय टीमें तैनात की गई हैं।

अधिकारियों के अनुसार, अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति के अनुसार विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया जाएगा, और हेल्थ बुलेटिन के माध्यम से लगातार जानकारी दी जाएगी।