वरिष्ठ IAS डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर ली धराली-हर्षिल आपदा की समीक्षा, दिए जरूरी निर्देश

वरिष्ठ IAS डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर ली धराली-हर्षिल आपदा की समीक्षा, दिए जरूरी निर्देश

उत्तरकाशी

उत्तराखंड शासन में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट आज प्रातः स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचे और धराली-हर्षिल आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

डॉ. बिष्ट ने आपदा क्षेत्र में सड़क, विद्युत, पेयजल, संचार सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को हुए नुकसान और उनकी पुनर्स्थापना की अद्यतन स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से कार्य करते हुए मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र बहाल किया जाए।

राहत टीमें लगातार भेजी जा रहीं धराली
डॉ. बिष्ट ने बताया कि धराली क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए टीमों का भेजा जाना लगातार जारी है। हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि प्रभावितों को समय रहते सहायता और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय प्रशासन और फील्ड टीमों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जानमाल की क्षति को रोका जा सके।

प्रशासनिक निगरानी लगातार जारी
आपदा के बाद से शासन स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्थिति की 24×7 निगरानी की जा रही है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे हर कार्य की समीक्षा और आवश्यक निर्देश तुरंत जारी किए जा रहे हैं।

डॉ. बिष्ट ने यह भी कहा कि सरकार पूरी तरह से आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।