

रिपोर्ट – दीपक नौटियाल

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आपदा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, स्थानीय पुलिस, चिकित्सकों की टीमें हरसिल और झाला में कैंप स्थापित कर मोर्चा संभाले हुए हैं। हेलीकॉप्टर की मदद से लगातार राहत सामग्री और घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।



1000 खाद्य सामग्री पैकेट भेजे गए हर्षिल
खाद्य पूर्ति विभाग ने 1000 खाद्य सामग्री के पैकेट तैयार कर हेली सेवा के माध्यम से हर्षिल भेजे हैं। प्रभावितों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



घायल जवानों और नागरिकों को किया गया रेस्क्यू
अब तक सेना के 11 घायल जवानों को रेस्क्यू कर मातली स्थित आईटीबीपी अस्पताल पहुंचाया गया है। इसके अलावा 13 अन्य लोगों को भी नटिण हेलीपैड के जरिए सुरक्षित स्थान पर लाया गया है।

ऊध्र्वाधिकारियों की निगरानी में राहत कार्य
आपदा राहत कार्यों की उच्चाधिकारियों द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में टीमों को जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें तत्काल रवाना किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों को व्यवस्थित ढंग से अंजाम दिया जा रहा है।

बीआरओ पुल बहा, हाईवे बंद
गंगानी के पास बीआरओ का पुल बह जाने के कारण नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। इस मार्ग को खोलने में प्रशासन को 15 से 20 दिन लगने की संभावना जताई जा रही है। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाई आ रही है।

60 से अधिक लोग अब भी लापता
प्रशासन के अनुसार अब तक की जानकारी में 60 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। उनकी खोजबीन के लिए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान जारी है।

टीमें ग्राउंड ज़ीरो पर डटीं
राहत कार्यों में जुटी टीमें लगातार ग्राउंड ज़ीरो पर डटी हुई हैं। प्रशासन, पुलिस, सेना और अन्य एजेंसियां आपसी समन्वय से प्रभावितों की जान बचाने और उन्हें राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन राहत कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



