प्रेम विवाह के डेढ़ साल बाद पीएचडी छात्रा ने की आत्महत्या, ससुराल में चल रहा था विवाद

प्रेम विवाह के डेढ़ साल बाद पीएचडी छात्रा ने की आत्महत्या, ससुराल में चल रहा था विवाद

जसपुर

लक्ष्मी नगर कॉलोनी में एक पीएचडी छात्रा ने गुरुवार को अपने ही घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान डॉ. उपासना के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। उपासना की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के रूप में हुई थी, जिसे परिजनों ने हर्षोल्लास से संपन्न कराया था।

घटना की सूचना 112 पर मिलने के बाद जसपुर कोतवाली प्रभारी जावेद मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के लटके शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भिजवा दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उपासना का पति से किसी कारणवश विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी।

घटना के समय उपासना घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता और भाई उसे अकेला छोड़कर उसके भाई की देहरादून में होने वाली परीक्षा दिलाने स्योहारा गए थे।

डॉ. उपासना, डॉ. करतार सिंह की पुत्री थीं, जो ग्राम चण्डका के मूल निवासी हैं और वर्तमान में जसपुर की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में रहते हैं।

पुलिस को मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।