

लोकेशन,,चमोली

चमोली जनपद में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार, 7 अगस्त को सुरक्षा के मद्देनज़र फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान, हेमकुंड साहिब और रुद्रनाथ धाम में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इन तीनों प्रमुख स्थलों पर ट्रैकिंग और दर्शन के लिए जारी सभी परमिट व अनुमति आदेश स्वतः निरस्त माने जाएंगे।



यह आदेश नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क और केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के DFO द्वारा जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, पर्यटकों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, और पहाड़ों में मौसम की तेजी से बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।



विद्यालयों में भी घोषित हुआ अवकाश
मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने चमोली जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में आज एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।



फूलों की घाटी लगातार दूसरे दिन बंद
बता दें कि विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान को बुधवार, 6 अगस्त को भी आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया था, जो आज 7 अगस्त को भी बंद रहेगा।


स्थानीय मौसम: कहीं धूप, कहीं बादल
हालांकि ज्योतिर्मठ क्षेत्र और रुद्रनाथ जैसे कुछ इलाकों में आज सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली हुई नजर आई, वहीं लोकपाल घाटी जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बावजूद इसके, एहतियात के तौर पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक प्रभावी रहेगी।


प्रशासन की अपील
प्रशासन ने सभी ट्रैकरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया है।




