

रिपोर्ट- चेतन बतरा
स्थान- ऊधम सिंह नगर

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ मिलकर मंगलवार को शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया।



अभियान के तहत विभाग की टीम ने रुद्रपुर के कई नामी-गिरामी स्वीट एंड फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संदेह के आधार पर खोया, काजू टुकड़ा, मैदा, कलाकंद, काजू कतली और पेड़े जैसे मिठाई व खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।



पिछले निरीक्षण में भी मिली थीं खामियां
गौरतलब है कि पिछले महीने भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या ने विभिन्न मिठाई एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूनों की जांच में खामियां पाए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSSA) 2006 की धारा 56 के तहत न्यायालय में वाद दायर किया था।


त्योहारी सीजन में सख्ती बरकरार
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन समेत आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहरवासियों से भी अपील की गई है कि वे मिठाई या खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्माण-समाप्ति तिथि अवश्य जांच लें।




