

डीएम-एसपी भी नहीं जा सके आगे, ITBP जवान और प्रशासनिक दल फंसे

स्थान – उत्तरकाशी

भारी बारिश और भूधंसाव के चलते गंगोत्री हाईवे पर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। भटवाड़ी के घोलगाड और पापड़गाड के पास गंगोत्री हाईवे का 100 मीटर से ज्यादा हिस्सा पूरी तरह धंस गया है। हाईवे के बंद हो जाने से धराली और हर्षिल में चल रहे राहत और बचाव कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं।



स्थिति इतनी गंभीर है कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचने के लिए पैदल चलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सड़क की स्थिति ऐसी रही कि वे भी आगे नहीं बढ़ सके। हाईवे के धंसने के कारण प्रशासनिक अमले के वाहन रास्ते में ही फंसे रह गए हैं।



आईटीबीपी के जवानों और जिला प्रशासन की टीमें हाईवे के दोबारा खुलने का इंतजार कर रही हैं ताकि फंसे हुए लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके। ओंगी के पास भी गंगोत्री हाईवे का लगभग 20 मीटर हिस्सा नदी में समा गया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।



प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्गों की तलाश की जा रही है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण मलबा हटाने और मरम्मत कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम में सुधार होते ही मार्ग को खोलने का प्रयास तेज़ किया जाएगा।


स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका हर साल बारिश के दौरान इसी तरह आपदा की चपेट में आता है, लेकिन स्थायी समाधान की ओर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।




