तेज रफ्तार खनन ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की दर्दनाक मौत, दो घायल

तेज रफ्तार खनन ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की दर्दनाक मौत, दो घायल

डालूवाला खुर्द के पास हुआ भीषण हादसा, पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को लिया कब्जे में

स्थान – हरिद्वार

सिडकुल थाना क्षेत्र में डालूवाला खुर्द के पास गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बुग्गावाला निवासी 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे और सामने से आ रही तेज रफ्तार खनन से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार युवक शहवाज पुत्र सलीम निवासी बुग्गावाला की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शहवाज के चेहरे के दो टुकड़े हो गए। उसके साथ सवार अमन और मुर्तजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही सिडकुल थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ एकत्र हो गई और स्थानीय लोगों ने खनन ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर नाराजगी जताई।

थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। हादसे को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने कहा कि खनन माफियाओं की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और इस मामले में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।