लक्सर के रजबपुर में प्रधान पति पर हमला, पूर्व प्रधान पक्ष पर गंभीर आरोप

लक्सर के रजबपुर में प्रधान पति पर हमला, पूर्व प्रधान पक्ष पर गंभीर आरोप

लक्सर

लक्सर के रजबपुर गांव में पंचायत से जुड़ा विवाद उस समय तूल पकड़ गया जब ग्राम प्रधान पति विवेक शर्मा ने पूर्व प्रधान और उसके समर्थकों पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए। मामले को लेकर पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है।

प्रधान पति विवेक शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब पूर्व प्रधान पक्ष ने गांव के पंचायती पेड़ को काट दिया

इस पर प्रशासन ने आरोपी पक्ष पर ₹13,000 का जुर्माना लगाया था। इसके अतिरिक्त गांव के तालाब पर अवैध कब्जे को लेकर भी प्रधान द्वारा शिकायत की गई थी।

इसी विवाद के चलते पूर्व प्रधान पक्ष ने मनरेगा योजना में अनियमितता की शिकायत की थी। मामले की जांच के लिए ब्लॉक की टीम गांव पहुंची थी। विवेक शर्मा का कहना है कि जांच के दौरान टीम ने मौके पर निरीक्षण किया, और शिकायत बेबुनियाद पाई गई।

जांच टीम के सामने ही हमला:

विवेक शर्मा ने आरोप लगाया कि जब टीम जांच कर रही थी, उसी दौरान पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह राजनीतिक रंजिश के तहत किया गया है।

मामले में उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंप दी है, और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी:

पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और कहा है कि मामले की जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।