

देहरादून

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की मतगणना प्रक्रिया आज सुबह 8:00 बजे से पूरे प्रदेश में एक साथ प्रारंभ हो गई है। मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्वाचन कर्मी पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ मतगणना में जुटे हुए हैं।



प्रत्येक विकासखंड में मतगणना स्थलों पर स्ट्रॉन्ग रूम की सील प्रत्याशियों के एजेंटों की उपस्थिति में खोली गई, जिसके बाद मतपेटियों को टेबलों पर लाकर गिनती की प्रक्रिया शुरू की गई।



प्रदेश के सभी जनपदों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी), वार्ड सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए हुए मतदान के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे।



पूरे राज्य में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्सुकता और तनाव दोनों का माहौल देखा जा रहा है।

देहरादून के एक प्रमुख मतगणना केंद्र से हमारे विशेष संवाददाता शुभम कोटनाला ने बताया कि केंद्र पर सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं। अधिकृत व्यक्तियों को ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है। प्रत्येक टेबल पर मतगणना कर्मी और एक सुपरवाइज़र की तैनाती की गई है।

मतगणना केंद्रों पर पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है, ताकि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




