

स्थान : लक्सर


लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बन रही एक विशालकाय मस्जिद का निर्माण कार्य प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद की गई है, जब स्थानीय लोगों ने मस्जिद निर्माण को लेकर शिकायत की थी।



स्थानीय स्तर पर उठी आपत्तियां

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मस्जिद का निर्माण निर्धारित मानकों और स्वीकृतियों के विपरीत किया जा रहा है। शिकायत में बताया गया कि मस्जिद की मीनारों की ऊंचाई करीब 250 फीट तक बनाई जा चुकी है और निर्माण कार्य तेजी से जारी था। यह मस्जिद हरिद्वार जिले की सबसे बड़ी मस्जिद बताई जा रही है।


मुख्यमंत्री ने दिए थे जांच के निर्देश

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को निर्माण कार्य तत्काल रोकने और भूमि व निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए थे।


प्रशासन की कार्रवाई

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मस्जिद का निर्माण कार्य रोक दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि लक्सर के उपजिलाधिकारी को जांच सौंपी गई है।


प्रशासन की ओर से मस्जिद निर्माण से जुड़े प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है, और समस्त भूमि व निर्माण संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं।


