

लोकेशन – रूड़की
रिपोर्टर- प्रिंस शर्मा


नगर निगम चुनाव को लेकर चली आ रही राजनीतिक रंजिश एक बार फिर हिंसक टकराव में बदल गई। भारत नगर वार्ड-36 की वर्तमान पार्षद के देवर पर कथित रूप से पूर्व पार्षद के भतीजे और उसके साथियों ने जानलेवा हमला किया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



पार्षद के देवर मोहम्मद साहिल ने पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि उसका भाई हकीमुल्ला, जो एक मदरसे में मौलाना है, जब बन्दा रोड से लौट रहा था, तभी सामने से आए पूर्व पार्षद का भतीजा अफजल अपनी थार गाड़ी से उसे टक्कर मारने का प्रयास किया। हकीमुल्ला किसी तरह गाड़ी की चपेट में आने से बच गया, लेकिन इसके तुरंत बाद गाड़ी से उतरे 15-16 लोगों ने उस पर हमला बोल दिया।



मामला दर्ज, जांच शुरू

हकीमुल्ला पर हुए हमले की सूचना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मोहम्मद साहिल की तहरीर के आधार पर पूर्व पार्षद के भतीजे अफजल समेत 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है।


चुनावी रंजिश का बताया जा रहा कारण


मोहम्मद साहिल ने आरोप लगाया कि जब से उसकी भाभी पार्षद का चुनाव जीती हैं, तभी से विपक्षी गुट रंजिशवश लगातार तनाव पैदा कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



