

स्थान : मसूरी
रिपोर्टर : धर्मेंद्र सिंह



पर्यटन नगरी मसूरी में नाग पंचमी का पर्व परंपरा, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम सभा भट्टा क्यारकुली स्थित प्राचीन नाग देवता मंदिर में इस अवसर पर विशाल मेले का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे।


ढोल-दमाऊं और रणसिंघे की थाप पर श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और नाग देवता का दुग्ध व जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।



मान्यता है कि इस मंदिर में की गई सच्ची प्रार्थनाएं अवश्य पूरी होती हैं।



मंदिर समिति के सचिव सुधांशु रावत ने जानकारी दी कि हर वर्ष नाग पंचमी पर यह मेला आयोजित किया जाता है, और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंदिर समिति के संरक्षक करण सिंह कोठाल ने मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को साझा करते हुए बताया कि पूर्वकाल में यहां गाय माता द्वारा नाग देवता को दूध पिलाया जाता था, जिसे देखकर ग्रामीणों ने यहां मंदिर का निर्माण कराया।


वहीं, मसूरी से सटे ग्राम सभा तुनेटा में भी नाग पंचमी बड़े उत्साह से मनाई गई। श्रद्धालुओं ने नाच-गाकर मंदिर में पूजा-अर्चना की और अभिषेक कर नाग देवता से आशीर्वाद प्राप्त किया।



पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा डंगवाल ने कहा कि नाग पंचमी उत्तराखंड का एक प्रमुख लोक पर्व है, जिसमें नाग देवता के प्रति गहरी आस्था दिखाई देती है।



