

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : श्रीनगर गढ़वाल


नगर के गंगा दर्शन क्षेत्र में गुलदार की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। आज सुबह एक बार फिर इस हिंसक जानवर ने हमला कर दिया। सुबह टहलने निकले व्यक्ति पर गुलदार ने झाड़ियों में छिपकर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।



स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर गुलदार मौके से भाग गया। घायल व्यक्ति को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।



घटना को लेकर क्षेत्रीय निवासी सुधीर जोशी ने वन विभाग और जिला प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय में गुलदार तीन लोगों को घायल कर चुका है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मांग की कि गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।




इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि गुलदार द्वारा पहले भी दो हमले इसी क्षेत्र में किए जा चुके हैं, जिसके बाद वन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए थे।


आज की घटना के बाद विभागीय टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और गुलदार को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह सतर्क रहें और अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं, जब तक गुलदार को पकड़ा नहीं जाता।




