

स्थान : रुद्रप्रयाग


जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते गौरीकुंड से सोनप्रयाग की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है।



घटनास्थल गौरीकुंड से लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर, मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है।


प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।



मार्ग को साफ कराने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी की ओर से जेसीबी मशीन मौके पर भेजी गई है और राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। केदारनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को फिलहाल गौरीकुंड में ही रोक दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।


प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।



