पंचायत चुनाव में वोट डालने आ रहे दिल्ली से यात्रियों का वाहन पलटा, 11 घायल – 2 गंभीर

पंचायत चुनाव में वोट डालने आ रहे दिल्ली से यात्रियों का वाहन पलटा, 11 घायल – 2 गंभीर

रिपोर्टर -: आसिफ इक़बाल
लोकेशन-: रामनगर

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को लेकर सोमवार को प्रदेश के विभिन्न विकासखंडों में मतदान होगा। इसी क्रम में अल्मोड़ा जनपद के भतरोजखान के घट्टी क्षेत्र में वोट डालने आ रहे दिल्ली के मतदाताओं का टेंपो ट्रैवलर वाहन रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

हादसे के बाद वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घायल प्रेम बल्लभ सती, जो दिल्ली से मतदान के लिए घट्टी आ रहे थे, ने बताया कि सभी यात्री पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए दिल्ली से आए थे। उन्होंने दुर्घटना के बाद रामनगर के सरकारी अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नाराज़गी जताई।

उन्होंने कहा, “अस्पताल में न तो मरीजों को समुचित उपचार मिला और न ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध थीं। यहां तक कि शौचालयों में न दरवाजे हैं और न ही पानी। सरकारी अस्पतालों की इस दुर्दशा के कारण आम लोग इलाज के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेने को मजबूर हैं।”

प्रेम बल्लभ ने सरकार से अपील की है कि वह इस मामले का संज्ञान ले और सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाते हुए आधारभूत ढांचे में सुधार करे, ताकि आम जनता को सम्मानजनक और समुचित चिकित्सा सेवा मिल सके।