

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : गोविन्द रावत


त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। प्रत्याशी जनता को लुभाने के लिए प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकते नजर आए। विभिन्न गांवों और इलाकों में जनसंपर्क कर प्रत्याशियों ने विकास का वादा करते हुए समर्थन मांगा।



सल्ट विकासखंड की उजराड़ जिला पंचायत सीट से भाजपा अधिकृत प्रत्याशी देवीदत्त शर्मा के समर्थन में सल्ट विधायक महेश जीना ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने बसेड़ी, कुन्हील, कैनाबाग, मणुली, क्वैराला, श्रीनगर, डभरा, इनलू, सदरा, रथखाल समेत अनेक क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से वोट की अपील की।



विधायक महेश जीना ने कहा, “मेरा लगातार क्षेत्र में भ्रमण रहता है। जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है, खासकर मातृशक्ति का समर्थन उल्लेखनीय है। हमें पूर्ण विश्वास है कि भाजपा इस पंचायत चुनाव में विजय हासिल करेगी।”


भाजपा प्रत्याशी देवीदत्त शर्मा ने भी अपने चुनाव प्रचार के दौरान कहा,

“क्षेत्र की जनता का भरपूर सहयोग, प्रेम और स्नेह मिल रहा है। सभी का आशीर्वाद हमारे साथ है, और हम निश्चित रूप से चुनाव में विजयी होंगे।”


उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण इलाकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, और प्रत्याशी अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश में जुटे हुए हैं।



