

स्थान : रामनगर
रिपोर्टर : सलीम अहमद साहिल


त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन है। शाम 5:00 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा, लेकिन उससे पहले चुनावी रण में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। रामनगर की मालधन चौड़ सीट पर मुकाबला अब रोचक मोड़ पर पहुंच चुका है।



पूर्व ब्लॉक प्रमुख बसंती आर्य ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जोरदार शक्ति प्रदर्शन कर समीकरणों को नया मोड़ दे दिया। गांव-गांव से गुजरता उनका चुनावी काफिला तालियों की गूंज और नारों की गरज के बीच पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। उनके समर्थन में उमड़ा जनसैलाब यह संकेत दे गया कि मैदान में बसंती आर्य को हल्के में लेना विरोधियों के लिए भारी पड़ सकता है।



बसंती आर्य के रोड शो में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। मार्ग में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया, पुष्पवर्षा हुई और समर्थन में जयकारे गूंजे।



राजनीतिक विश्लेषकों की मानें, तो यह प्रदर्शन न केवल उनका स्थानीय जनाधार दिखाता है, बल्कि प्रतिद्वंद्वियों के लिए चुनौती भी पेश कर रहा है।

हालांकि अन्य प्रत्याशी भी चुनावी रण में पीछे नहीं हैं। वे भी प्रचार अभियान के अंतिम दिन जनसंपर्क में पूरी ताकत लगा रहे हैं। परंतु जिस आकर्षण और आत्मविश्वास के साथ बसंती आर्य का काफिला क्षेत्र में निकला, उसने यह साफ कर दिया है कि मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प होने वाला है।


अब सबकी निगाहें 28 जुलाई के मतदान और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। देखना यह है कि मालधन चौड़ एक बार फिर पुराने भरोसे को दोहराता है या इस बार कोई नया इतिहास रचा जाता है।




