कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि, एनसीसी कैडेट्स ने किया प्रतिभाग

कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि, एनसीसी कैडेट्स ने किया प्रतिभाग

स्थान : हल्द्वानी

देश की सरहदों की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद करते हुए कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक परिसर देशभक्ति के जज्बे से गूंज उठा। पूर्व सैनिक संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, शहीदों के परिजनों और नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पण और दो मिनट के मौन से हुई, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध (मई-जुलाई 1999) की वीरगाथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार भारतीय सेना ने 84 दिन तक कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में लड़ाई लड़कर 26 जुलाई को विजय हासिल की थी।

कार्यक्रम की सबसे भावुक क्षण उस समय आया जब शहीद सैनिकों के परिजनों को मंच पर सम्मानित किया गया। उनकी आंखों की नमी और लोगों की तालियों ने माहौल को गहराई से भावुक कर दिया।

इस अवसर पर एम.बी.जी. पी.जी. कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी अनुशासन और जोश के साथ प्रतिभाग किया। कैडेट्स ने देशभक्ति के नारों और मार्च पास्ट के ज़रिए सभी को प्रभावित किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से देश के प्रति निष्ठा, वीर सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेने और राष्ट्र सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने की अपील की।


पूर्व सैनिकों ने कहा कि “कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि राष्ट्र के अदम्य साहस, एकता और संकल्प का प्रतीक है।”