

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शहीद स्मारक पर एकत्र होकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को याद किया गया। इस दौरान कारगिल युद्ध की शौर्य गाथा सुनाई गई और 1999 में भारत की ऐतिहासिक विजय को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।



कार्यक्रम के दौरान कैप्टन हीरा सिंह बिष्ट, जो स्वयं कारगिल युद्ध में सम्मिलित रहे थे, ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में लड़ी गई लड़ाई की कठिनाइयों और सैनिकों के अदम्य साहस की प्रेरक कहानियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार 84 दिनों तक चले इस युद्ध में भारतीय सैनिकों ने दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर कर 26 जुलाई को विजय प्राप्त की।



पूर्व सैनिकों ने इस अवसर पर लालकुआँ स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया।




कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण रहा और आम नागरिकों सहित युवाओं को भी वीरता की इन गाथाओं से प्रेरणा मिली।


पूर्व सैनिकों ने यह भी संदेश दिया कि देश की सुरक्षा के लिए दिया गया प्रत्येक बलिदान कभी भुलाया नहीं जाएगा और नई पीढ़ी को इन वीरगाथाओं से सीख लेकर देशसेवा के लिए प्रेरित होना चाहिए।



