चकबंदी विभाग में रिश्वतखोरी पर विजिलेंस का शिकंजा, कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार

चकबंदी विभाग में रिश्वतखोरी पर विजिलेंस का शिकंजा, कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार

स्थान : रुड़की
रिपोर्टर : प्रवेश राय

रुड़की के लक्सर क्षेत्र में चकबंदी विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर विजिलेंस ने करारा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने मंगलवार को कानूनगो सुभाष सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी कानूनगो सुभाष सिंह सिमली मोहल्ले की एक दुकान में लक्सर क्षेत्र के एक किसान से जमीन संबंधी कार्य के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

पीड़ित किसान ने इस बारे में विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।

विजिलेंस टीम ने आरोपी को मौके से ही दबोच लिया और कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसे देहरादून मुख्यालय ले जाया गया।गिरफ्तारी की खबर से चकबंदी विभाग में हड़कंप मच गया है।

कई अधिकारी और कर्मचारी सकते में हैं और विभागीय गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।