पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस का हमला, भाजपा को बताया छलावा: नारायण सिंह रावत

पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस का हमला, भाजपा को बताया छलावा: नारायण सिंह रावत

अल्मोड़ा 

रिपोर्टर- गोविन्द रावत

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जहां जनप्रतिनिधियों और नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, वहीं सभी दल अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा कर रहे हैं।

इसी क्रम में सल्ट विकासखंड में कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य पंचायतों को सशक्त और स्वायत्त बनाना है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती मिली, जिसके सकारात्मक परिणाम आज भी गांवों में देखे जा सकते हैं।

भाजपा की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए रावत ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे नारों के माध्यम से सरकार ने जनता को गुमराह किया है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में हर घर तक रोजगार पहुंचाने का कार्य हुआ है और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए अनेक योजनाएं चलाई गईं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 2025 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी बहुमत में आकर पंचायतों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।