मालधन में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, गुलदार के खौफ और गर्मी से त्रस्त लोगों ने बिजलीघर पर जड़ा ताला

मालधन में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, गुलदार के खौफ और गर्मी से त्रस्त लोगों ने बिजलीघर पर जड़ा ताला

स्थान: रामनगर, उत्तराखंड
संवाददाता: सलीम अहमद साहिल

रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र मालधन में इन दिनों लोगों की जिंदगी किसी सजा से कम नहीं रह गई है। एक तरफ गुलदार का खतरा और दूसरी ओर भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की अघोषित कटौती ने ग्रामीणों की रातों की नींद और दिन का सुकून छीन लिया है।

बीते कई दिनों से गांव में रात होते ही बिजली गायब हो जाती है, और इसी अंधेरे का फायदा उठाकर गुलदार रिहायशी इलाकों में घुस रहा है, मवेशियों को मार रहा है और ग्रामीणों में दहशत फैला रहा है। लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

गुस्साए ग्रामीणों का बिजलीघर पर प्रदर्शन

सोमवार रात करीब 10 बजे, गर्म हवाओं और गुलदार की दहशत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिर फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में मालधन के लोगों ने स्थानीय बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया, कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकाल दिया और गेट पर ताला जड़ दिया

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे गर्मी से बिलखते हैं, बुजुर्ग रातभर सो नहीं पाते, और रोजमर्रा का कामकाज अस्त-व्यस्त हो गया है। “ये सिर्फ बिजली नहीं, हमारी नींद, हमारी सुरक्षा, और हमारा चैन छीन लिया गया है,” एक महिला ग्रामीण ने आक्रोश जताते हुए कहा।

गुलदार का आतंक: जानवरों पर हो रहा हमला

गांव के लोगों के मुताबिक बीते कुछ दिनों में गुलदार ने कई मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। अंधेरे में गुलदार को रोकना मुश्किल हो रहा है और वन विभाग की ओर से अभी तक कोई पुख्ता उपाय नहीं किए गए हैं।

ग्रामीणों की चेतावनी – अब नहीं रुकेंगे

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने जल्द कोई समाधान नहीं निकाला और बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो वे आंदोलन को जिला मुख्यालय तक ले जाएंगे। प्रदर्शन की खबर पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग सटीक समाधान की मांग पर अड़े रहे।