हरिद्वार में शिवरात्रि की धूम, शिवालयों में गूंजे जयकारे, दक्षेश्वर महादेव में उमड़ा भक्तों का सैलाब

हरिद्वार में शिवरात्रि की धूम, शिवालयों में गूंजे जयकारे, दक्षेश्वर महादेव में उमड़ा भक्तों का सैलाब

रिपोर्टर: शहजाद अली

हरिद्वार,
“बम बम भोले”, “जय भोलेनाथ”, “हर हर महादेव” जैसे गगनभेदी नारों से हरिद्वार की फिज़ा शिवमय हो उठी है। सावन माह की शिवरात्रि पर शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, विशेषकर भगवान शंकर की ससुराल माने जाने वाले दक्षेश्वर महादेव मंदिर, कनखल में आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है।

रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं। भक्तों ने जलाभिषेक, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भस्म और फल अर्पित कर भगवान शिव को प्रसन्न करने की कोशिश की। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सभी भोलेनाथ के दर्शन हेतु उत्साह और भक्ति भाव से कतार में खड़े दिखाई दिए।

मान्यता है कि सावन में ससुराल में रहते हैं भोलेनाथ

धार्मिक मान्यता के अनुसार, सावन के महीने में भगवान शिव कनखल स्थित दक्ष प्रजापति के यज्ञस्थल में, जो उनकी ससुराल भी माना जाता है, निवास करते हैं। ऐसी आस्था है कि इस दौरान दक्षेश्वर महादेव में पूजा-अर्चना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि देशभर से श्रद्धालु यहाँ पूजा के लिए पहुंचते हैं।

हरिद्वार के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

केवल दक्षेश्वर महादेव ही नहीं, हरिद्वार के अन्य शिवालयों – माया देवी रोड, भीमगौड़ा, श्रीश्रीकंठेश्वर महादेव मंदिर, और कनखल क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी शिवभक्तों की कतारें टूटने का नाम नहीं ले रहीं।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, भीड़ नियंत्रण, मेडिकल सहायता और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।

भोलेनाथ के जयकारों और भक्ति के इस माहौल ने हरिद्वार को पूरी तरह शिवमय बना दिया है। श्रद्धालु पुण्य लाभ की कामना के साथ मंदिरों में जल चढ़ा रहे हैं और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण को गुंजायमान कर रहे हैं।