

देहरादून
प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर महिला कांग्रेस सक्रिय हो गई है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की।



प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर गंभीर चिंता जताते हुए एक ज्ञापन सौंपा और राज्यपाल से इस दिशा में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।


ज्योति रौतेला ने कहा कि “प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति दिन-प्रतिदिन चिंताजनक होती जा रही है। शासन-प्रशासन की निष्क्रियता के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।”



ज्ञापन में विभिन्न जिलों में हुई हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए कहा गया कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।




प्रतिनिधिमंडल में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ पदाधिकारीगण शामिल थीं। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि सरकार को महिला सुरक्षा के मसले पर जवाबदेह बनाया जाए और कानून-व्यवस्था को सशक्त किया जाए।



