त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले प्रशासन सतर्क, रामनगर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले प्रशासन सतर्क, रामनगर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान तेज कर दिया गया है।

इसी क्रम में रामनगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की तस्करी और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 500 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की, जबकि 15 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पंचायत चुनाव में शराब के दुरुपयोग को रोकने के लिए विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

50 हजार लीटर लहन नष्ट, 25 मुकदमे दर्ज
आबकारी विभाग की टीमें लगातार गांवों, जंगलों और नदी किनारे स्थित इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। इस दौरान करीब 50,000 लीटर लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया, जो अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होती है। इसके अलावा 20,000 लीटर तैयार कच्ची शराब जब्त की गई है। विभाग ने 25 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है और कई स्थानों पर अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया है।

“किसी को नहीं बख्शा जाएगा” – आबकारी निरीक्षक उमेश पाल
आबकारी निरीक्षक उमेश पाल ने बताया, “पंचायत चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हमारी टीमें लगातार गश्त पर हैं और हमें जो भी सूचनाएं मिल रही हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि नदी किनारे, जंगलों और सुनसान इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, क्योंकि ये क्षेत्र अवैध शराब निर्माण के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी शराब से जुड़ी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

शराब माफियाओं में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस सख्ती से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की गई यह कार्रवाई चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की कोशिशों पर रोक लगाने में कारगर साबित होगी।