काशीपुर मंडी में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश: मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

काशीपुर मंडी में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश: मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

रिपोर्टर: अज़हर मलिक
लोकेशन : काशीपुर

काशीपुर की फल एवं सब्ज़ी मंडी में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी को विजिलेंस टीम ने सोमवार शाम रंगे हाथ ₹1.20 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक पूर्व निर्धारित योजना के तहत की गई थी, जिसकी सूचना शिकायतकर्ता शफायत और शकील अहमद ने विजिलेंस विभाग को दी थी।

सूत्रों के अनुसार, मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी फल मंडी में लाइसेंस जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। इस पर शिकायती कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी से आई विजिलेंस टीम ने मंडी सचिव को उनके कार्यालय में ही पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद मंडी परिसर में हड़कंप मच गया और व्यापारी वर्ग में इसको लेकर चर्चाओं का दौर तेज़ हो गया।

मंगलवार को पूरन सिंह सैनी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हालांकि, विजिलेंस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान कुछ अन्य कर्मचारियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इस बात की पूरी संभावना है कि आने वाले दिनों में मंडी प्रशासन से जुड़े अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

व्यापारियों का कहना है कि मंडी में लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन अब पहली बार इस पर सख्त कार्रवाई हुई है। इस गिरफ्तारी के बाद मंडी में पारदर्शिता और जवाबदेही की उम्मीद जताई जा रही है।