चमोली: पंचायत चुनाव प्रचार आज शाम 5 बजे थमेगा, सीमांत क्षेत्रों में प्रत्याशियों का तूफानी प्रचार जारी

चमोली: पंचायत चुनाव प्रचार आज शाम 5 बजे थमेगा, सीमांत क्षेत्रों में प्रत्याशियों का तूफानी प्रचार जारी

संजय कुंवर,

ज्योतिर्मठ

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन को लेकर जनपद चमोली में चुनाव प्रचार का शोर आज शाम 5 बजे पूरी तरह थम जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार, मतदान से 48 घंटे पूर्व किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार, जनसभा या जुलूस पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि चमोली जनपद में 24 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए प्रचार का अंतिम समय 22 जुलाई शाम 5 बजे है। इसके बाद प्रचार करने वालों पर आचार संहिता उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सीमांत ज्योतिर्मठ क्षेत्र में अंतिम दिन का जबरदस्त प्रचार

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सीमांत विकास खंड ज्योतिर्मठ में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नीति-माणा घाटी से लेकर डुमक, कलगोठ, सन वैली, चिनाप वैली, सलूड डूंगरी, खिरो, लामबगड़, पुलना और भ्यूंडार वैली तक गांव-गांव में डोर-टू-डोर प्रचार और जनसंपर्क अभियान चरम पर हैं।

बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच जिला पंचायत सदस्य की हॉट सीटों पर मुकाबला बेहद रोचक होता जा रहा है। साथ ही क्षेत्र पंचायत और ग्राम प्रधान पदों के प्रत्याशी भी अंतिम दिन कोई कसर नहीं छोड़ रहे।

प्रचार में बाधा बनी थी लैंडस्लाइड, अब हालात सामान्य

नीति घाटी में सोमवार को मलारी भाप कुंड के समीप लैंडस्लाइड के चलते मुख्य सड़क बाधित हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए प्रचार प्रभावित हुआ। हालांकि, सड़क खुलने के बाद सीमांत क्षेत्रों में प्रचार फिर से तेज़ी से शुरू हो गया।

अगले चरण का प्रचार 26 जुलाई को थमेगा

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि 28 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए 26 जुलाई सायं 5 बजे के बाद प्रचार गतिविधियों पर प्रतिबंध लागू हो जाएगा।