

टॉप-पौड़ी
रिपोर्ट-जय ममगाई

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। इसी क्रम में भाजपा नेता नरेंद्र सिंह रावत ‘कुट्टी’ ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया कि इस बार भाजपा समर्थित प्रत्याशी बहुमत से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की विकास नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए कार्यों से संतुष्ट है।




निर्वाचन क्षेत्र बदलने वालों पर हमला
रावत ने निर्वाचन क्षेत्र बदलने वाले प्रत्याशियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल्जीखाल क्षेत्र के निवासी महेंद्र सिंह राणा द्वारा कुल्हाड़ सीट से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ना स्थानीयता की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा, “अपने क्षेत्र को छोड़कर अन्यत्र चुनाव लड़ना केवल राजनीतिक महत्वाकांक्षा को दर्शाता है, जो जनता को स्वीकार नहीं।”



पूर्व सैनिक को मिल सकता है जनता का समर्थन
रावत ने यह भी कहा कि राणा के खिलाफ मैदान में खड़े एक पूर्व सैनिक को स्थानीयता और सम्मान का लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देशभर में सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना बढ़ी है, जिसका असर ग्रामीण मतदाताओं में भी देखा जा रहा है।



कांग्रेस पर सीधा हमला
कुल्हाड़ सीट से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के मुद्दे पर रावत ने कांग्रेस की स्थिति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा,

“अगर मैदान में आना ही था तो पीठ दिखाकर पार्टी से गद्दारी करना, व्यक्ति के दोहरे चरित्र को उजागर करता है। कांग्रेस में अनुशासन और नेतृत्व का अभाव साफ दिखाई दे रहा है।”


रावत ने अंत में कहा कि जीत-हार तो चुनाव परिणाम बताएंगे, लेकिन जनता को यह भलीभांति पता है कि चुनावी मैदान में सही के साथ खड़ा होना क्या होता है।



