

हरिद्वार

संवाददाता – मनोज कश्यप

श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार में अब तक 3 करोड़ 56 लाख शिवभक्त कांवड़िए पहुंच चुके हैं, जो गंगाजल भरकर अपने-अपने राज्यों की ओर लौट रहे हैं। यह आंकड़ा प्रशासन द्वारा सोमवार शाम तक जारी किए गए आधिकारिक आँकड़ों पर आधारित है।




शिवभक्तों की यह संख्या अब तक की सबसे बड़ी बताई जा रही है, और अनुमान है कि मंगलवार शाम तक यह आंकड़ा 4 करोड़ को पार कर जाएगा। हरिद्वार के गंगा घाटों से लेकर मुख्य सड़क मार्गों, हाइवे और अंदरूनी गलियों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी।



हर की पैड़ी पर भक्तिमय दृश्य
सोमवार की सायंकालीन गंगा आरती के दौरान हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे नजर आए। ‘


हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं की श्रद्धा और उत्साह ने एक बार फिर साबित किया कि कांवड़ मेला न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।


प्रशासन सतर्क, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। हरिद्वार के सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य टीमें, जलपान केंद्र और स्वयंसेवक तैनात हैं। गंगा घाटों पर सफाई, सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।


जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं और कंट्रोल रूम से पल-पल की जानकारी ली जा रही है।


