रामनगर में आवारा गायों से परेशान लोग, करणी सेना युवा शक्ति का नगर पालिका में प्रदर्शन

रामनगर में आवारा गायों से परेशान लोग, करणी सेना युवा शक्ति का नगर पालिका में प्रदर्शन

स्थान:रामनगर
संवाददाता: सलीम अहमद

रामनगर शहर में आवारा गायों के बढ़ते आतंक से जनता त्रस्त है। आये दिन ये गायें न केवल यातायात में बाधा बन रही हैं, बल्कि सड़क हादसों और स्थानीय दुकानों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसी को लेकर सोमवार को करणी सेना युवा शक्ति ने नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

करणी सेना युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से एक आवारा गाय को पकड़कर नगर पालिका परिसर में लाकर जिम्मेदार अधिकारियों को चेताया।

सूरज चौधरी ने कहा, “नगर पालिका के अधिकारी केवल एसी कमरों में बैठकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं। अगर तीन दिनों के भीतर शहर की सभी आवारा गायों को गौशाला नहीं पहुंचाया गया,

तो करणी सेना उग्र आंदोलन करेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि कई गायें बीमारी और दुर्घटना का शिकार होकर दम तोड़ रही हैं, जो प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है।

इस मुद्दे पर नगर पालिका के प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक लाल्ला मियां ने सफाई देते हुए कहा कि पालिका समय-समय पर अभियान चला रही है और अब तक 93 आवारा गायों को पकड़कर बाजपुर स्थित गौशाला में भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को और तेज किया जाएगा।

स्वास्थ्य निरीक्षक ने पशु स्वामियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने जानवरों को खुले में न छोड़ें। यदि किसी का जानवर आवारा घूमता पाया गया तो संबंधित पशु स्वामी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।